गोपेश्वर। अमृत गंगा पेयजल लाइन के पाइपों में कचरा फंस जाने से नगर में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। ऐसे में नगर के उपभोक्ता पेयजल आपूर्ति के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों की दौड़ लगाने को मजबूर हैं, तो कई जगह पेयजल स्रोत न होने से उपभोक्ताओं को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। जल संस्थान की लापरवाही का आलम यह है कि पेयजल आपूर्ति ठप होने के बाद भी नगर में पेयजल टैंकरों की व्यवस्था नहीं की गई है।
गोपेश्वर को पेयजल आपूर्ति करने वाली अमृत गंगा पेयजल योजना की पाइप लाइन में कचरा फंसने से यहां बृहस्पतिवार शाम से पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। नगर के कुंड कालोनी, पूल्ड हाउस कालोनी, अपर बाजार वार्ड, मुर्गी फार्म, पुलिस लाइन, हास्पिटल कालोनी में प्राकृतिक जल स्रोत भी नहीं है। ऐसे में यहां रह रहे उपभोक्ताओं को पानी की आपूर्ति के लिए भटकना पड़ रहा है। मनोज कुमार, राजेंद्र और बलवीर सिंह का कहना है कि पेयजल आपूर्ति ठप होने के बाद जल संस्थान की ओर अभी तक टैंकरों की व्यवस्था नहीं करवाई गई है। उपभोक्ताओं ने जल संस्थान से शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई। इधर, जल संस्थान के सहायक अभियंता अरुण गुप्ता का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों की ओर से लाइन का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। शीघ्र लाइन को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।