गोपेश्वर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार से पीजी कॉलेज गोपेश्वर का 46वां दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह शुरू हो गया है। समारोह का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने किया। पहले दिन बैडमिंटन, शतरंज और हॉकी प्रतियोगिताएं हुईं।
छात्रा वर्ग में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय प्रथम, कला संकाय द्वितीय और शिक्षा संकाय तृतीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन छात्र वर्ग में विज्ञान प्रथम, शिक्षा संकाय द्वितीय तथा कला संकाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज के छात्र वर्ग में वाणिज्य संकाय प्रथम, शिक्षा संकाय द्वितीय और विज्ञान संकाय तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में कला संकाय प्रथम, शिक्षा संकाय द्वितीय और विज्ञान संकाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हॉकी प्रतियोगिता के छात्रा वर्ग में कला संकाय प्रथम, द्वितीय विज्ञान व तृतीय वाणिज्य संकाय रहे। वहीं पहले दिन फुटबाल प्रतियोगिता का पहला मैच कला और वाणिज्य संकाय के बीच खेला गया, जिसमें कला संकाय ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर कार्यक्रम अध्यक्ष व प्राचार्य केएल मालगुड़ी, खेल अधिकारी डा. राजेश कुमार, छात्र संघ अध्यक्ष सुधीर बिष्ट, एमके उनियाल, एससी बहुगुणा, जेएस नेगी, एसपी उनियाल, जेपी रतूड़ी, अरविंद भट्ट, मीडिया कोआर्डिनेटर दर्शन सिंह नेगी और रिपुदमन सिंह आदि मौजूद थे।