ब्यूरो/ ऋषिकेश। नीलकंठ पैदल मार्ग पर बुधवार देर शाम अचानक दो जंगली हाथी धमक गए। हाथियों के हमले से स्थानीय लोग और तीर्थयात्री बाल-बाल बचे। उन्होंने किसी तरह से भागकर जान बचाई, राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के कर्मचारियों की टीम ने हवाई फायर झोंककर उन्हें मार्ग से जंगल में खदेड़ा। जानकारी के अनुसार नीलकंठ पैदल मार्ग पर बुधवार शाम करीब छह बजे दो जंगली हाथी आ धमके, जिसके कारण शाम के समय मार्ग पर पैदल भ्रमण कर रहे स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई और नीलकंठ धाम के दर्शन को जाने वाले यात्रियों को भी रोक दिया।
हाथियों के मुख्य मार्ग पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बताया गया कि हाथी करीब आधे घंटे तक मौके पर ही जमे रहे। इसी बीच स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता विजय गुप्ता ने राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की गौहरी रेंज कार्यालय को इसकी सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची विभागीय टीम ने हवाई फायर झोंककर हाथियों को बामुश्किल जंगल में खदेड़ा। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सका।