ब्यूरो/ ऋषिकेश। पेयजल योजना के तहत भैरव कॉलोनी और गुमानीवाला में विधानसभा अध्यक्ष ने करीब एक करोड़ 36 लाख रुपये के लागत से निर्मित नलकूपों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने गुलरानी फार्म में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक निधि से चार लाख रुपये देने की घोषणा भी की। बुधवार को क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने लक्ष्मणझूला रोड स्थित भैरव कॉलोनी में पेयजल योजना के अंतर्गत 99 लाख 33 हजार रुपये और गुमानीवाला क्षेत्र में 36 लाख 56 हजार रुपये की लागत से निर्मित नलकूप का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नलकूपों की स्थापना होने से भैरव कॉलोनी और आसपास के इलाकों के करीब चार हजार लोगों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी। जबकि गुमानीवाला में नलकूप बनने से ऊषा फार्म और चीनी गोदाम रोड आदि क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।
इस दौरान स्पीकर अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से भैरव कॉलोनी, मायाकुंड और चंद्रेश्वरनगर में पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई थी, नलकूप स्थापित होने से लोगों को अब पेयजल संकट से नहीं जूझना होगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को पेयजल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। वहीं, अग्रवाल ने गुमानीवाला में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक निधि से गुलरानी फार्म में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए चार लाख रुपए की घोषणा भी की। मौके पर जल निगम के अधिशासी अभियंता जेपी गैरोला, जलकल अभियंता एवीएस रावत, कनिष्ठ अभियंता हिमांशु असवाल, चेतन शर्मा, राजेश गौतम, दिलीप गुप्ता, अनुज सैनी, प्रदीप कोहली, तेज बहादुर यादव, पंकज शर्मा, राजकुमारी जुगरान, सुरेंद्र उनियाल, सत्यपाल सिंह राणा, संजय पोखरियाल, मोहन सिंह बिष्ट, देवेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।