श्रीनगर। गढ़वाल विवि में बीबीए पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की मांग की गई है। छात्रों का कहना है कि व्यापार प्रबंधन विभाग के छात्रों को बीबीए के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। छात्रों ने विभागाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को बिड़ला परिसर के छात्रसंघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार के नेतृत्व में व्यापार प्रबंधन विभाग के छात्रों ने विभाग के संयोजक प्रो. एससी बागड़ी से वार्ता की। प्रदीप पंवार ने कहा कि लंबे समय से बीबीए पाठ्यक्रम संचालित किए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन विवि प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। छात्रों को इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए मैदानी क्षेत्रों की ओर जाना पड़ रहा है। छात्रों ने कहा कि सत्र 2018-19 में बीबीए पाठ्यक्रम शुरू किया जाए। बीबीए पाठ्यक्रम शुरू न किए जाने पर छात्रों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। छात्रों ने इस संबंध में प्रो. एसएसी बागड़ी को ज्ञापन भी सौंपा। वार्ता करने वालों में आयुष मिंया, अमित, प्रफ्फुल, वैशाली रावत, कुशाल बिष्ट, अंकित रावत आदि शामिल थे। ब्यूरो