ब्यूरो/त्यूनी।
तहसील के उदांवा गांव में रहने वाले लोगों को अब गर्मियों में पानी की समस्या नहीं सताएगी। शासन ने गांव तक पानी पहुंचाने के लिए 3.86 करोड़ की लागत से लिफ्टिंग पेयजल योजना के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिससे 200 की आबादी लाभान्वित होगी।
वर्तमान में गांव को जिस जलस्रोत से पानी की सप्लाई होती है। वह स्रोत गर्मियां शुरू होते ही सूख जाता है। ग्रामीणों को पानी के लिए तीन किमी की दौड़ लगानी पड़ती हैं। कई मवेशी पेयजल किल्लत के चलते दम तोड़ देते हैं। ऐसे में लंबे समय से ग्रामीण गोडावना खड्ड से लिफ्टिंग पेयजल योजना के निर्माण की मांग कर रहे थे। जिसे अब शासन से हरी झंडी मिल गई है। योजना के तहत 1800 मीटर दूर स्थित गोडावना से पानी को लिफ्ट कर गांव तक पहुंचाया जाएगा। प्रधान बहादुर सिंह, नंतराम, खेम सिंह, रमेश आदि का कहना है कि लिफ्टिंग पेयजल योजना निर्माण से लोगों को लाभ मिलेगा। लोगों को पीने के साथ ही सिंचाई के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि हर साल गर्मियों में पेयजल किल्लत खड़ी हो जाती है। साल 2013 से अब तक 34 मवेशी दम तोड़ चुके हैं। जिसमें से 2013 में 15, 2016 में 10 और 2017 में 7 मवेशियों की मौत हो चुकी हैं। योजना ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगी।
योजन निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही योजना निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- एसके बर्नवाल, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम