ब्यूरो/डोईवाला। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत प्रवेश पाने वाले बच्चों का दो साल से शिक्षण शुल्क नहीं मिलने से क्षुब्ध प्राईवेट शिक्षण संस्थानों के संचालकों ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर तत्काल भुगतान दिलाने की मांग की है। मंगलवार को परवादून स्कूल एसोसिएशन डोईवाला से जुड़े तमाम निजी स्कूल संचालकों ने तहसील मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद लोधी के नेतृत्व में संचालकों ने नारेबाजी के साथ जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार से आरटीई अधिनियम के तहत प्रवेश लेने वाले बच्चों का शिक्षण शुल्क मुहैया कराने की मांग की है।
सभा का संबोधित करते हुए अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद लोधी ने कहा कि पिछले दो सालों से आरटीई के तहत प्रवेश पाने बच्चों का शिक्षण शुल्क बिना किसी कारण रोका गया है। निजी विद्यालयों को शिक्षण शुल्क नहीं मिलने से व्यवस्था बनाने में दिक्कतें उठानी पड़ रही है। कहा कि सरकार जल्द भुगतान कराने की व्यवस्था करें। उपजिलाधिकारी डोईवाला के माध्यम से मुख्यमंत्री और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर भुगतान दिलाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में एसोसिएशन महासचिव आकाश बछेती, बीपी उनियाल, मनीष वत्स, तेजेंद्र सिंह, एके शर्मा, आशीष चमोली, सुशील बिज्लवाण, पूरण सिंह, जसविंदर सिंह आदि थे।