देवप्रयाग। देवप्रयाग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्याक महोत्सव की ओवरऑल चैंपियनशिप रूस के कजांसकी ब्लादिमिर के नाम रही, जबकि बेस्ट इंडियन पेडलेर का खिताब पौड़ी के सिरशु गांव के ऋषि राणा ने जीता। आयोजकों की ओर से चैंपियन ब्लादिमिर को पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये की धनराशि और ऋषि राणा को 30 हजार रुपये व ट्राफी दी गई।
भागीरथी और अलकनंदा की लहरों पर तीन दिवसीय रोमांच के खेल अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग महोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। महोत्सव में प्रोफेशनल वर्ग के स्प्रिंट, जायंट सलालम, मॉस वोटर क्रास और वाटर क्रास में रूस के कजांसकी ब्लादिमिर प्रथम स्थान पर रहे, जबकि स्प्रिंट स्पर्धा में ऋषि राणा ने द्वितीय और अयोध्या कोठियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जायंट सलालम में क्लूनिक स्ट्स ने द्वितीय और अमित थापा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मॉस वोटर क्रॉस रेस में आशीष रावत द्वितीय व चमकौर राणा तृतीय स्थान पर रहे। वाटर क्रास में मनीष रावत द्वितीय व ऋषि राणा तृतीय स्थान पर रहे। संगम से रामकुंड तक आयोजित बिगनर्स क्याकर्स रेस में अंकित नेगी प्रथम, नीतेश नेगी द्वितीय, सोहन भंडारी तृतीय और लकी बिष्ट चतुर्थ रहे। महोत्सव का समापन नगर पालिका अध्यक्ष शुभांगी कोटियाल ने किया। द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसायटी की आयोजित इस साहसिक खेल स्पर्धा में भारत सहित 7 देशों के 85 क्याकर्स ने प्रतिभाग किया। इनमें 16 क्याकर्स कनाडा, रूस, नार्वे ,आइसलैंड, अमेरिका और नेपाल से पहुंचे थे। इस मौके पर सोसायटी के अध्यक्ष भीम सिंह, केके कोटियाल, रेखा भट्ट, मुदित पंडित, ध्रुव नरेश राणा, संदीप राणा व विशाल भंडारी, एसएसआई हाकम सिंह तोमर आदि मौजूद थे।