देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर किए जा रहे आलवेदर रोड के निर्माण कार्यों को लेकर कार्यदायी एजेंसियों, विभागीय अधिकारियों व पुलिस की संयुक्त बैठक हुई।
रविवार को थाना देवप्रयाग में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी विनोद राणा ने कहा कि मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। पुलिस की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए मोटर मार्ग पर जमा धूल के ऊपर पानी का छिड़काऊ करने को भी कहा गया। ऐसा न करने पर संबंधित कार्यदायी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। इस मौके पर आल वेदर रोड के अधिकारी जितेंद्र तिवारी, एनएच के बीएन द्विवेदी, एसआई हाकम सिंह, दिनेश चंद्र जुगरान, सूर्यकांत भंडारी, विवेक भट्ट, विजय नौटियाल आदि मौजूद थे।