आदिबदरी। दूूधातोली सम्यक विकास समिति ने स्वच्छ गांव गदेरा, स्वच्छ उत्तराखंड अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में क्षेत्र के 12 से अधिक गांवों के लोग शामिल हुए। ग्रामीण ढोल दमाऊं के साथ गांव-गांव पहुंचे और सफाई के बाद पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली।
तहसील के केड़ा, बुराखोली, खेत, कण्ड, पय्यां ,कांसुवा तलोंजा सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने अपने-अपने गांव में नालियों और रास्तों की सफाई कर पलास्टिक कचरा एकत्र किया। इसके बाद गाजे बाजे के साथ ग्रामीण खेत गदेरा पहुंचे। समिति के जगदीश प्रसाद बहुगुणा ने कहा कि पॉलिथीन और प्लास्टिक का सही निस्तारण न होने के कारण स्वच्छता और पर्यावरण दूषित हो रहा है। दूधातोली सम्यक विकास समिति के संरक्षक दीपक मलगुड़ी ने ग्रामीणों से खेतों से निकलने वाले खर पतवार को खेत के किनारे डालने की बात कही। इस अवसर पर डांडा-मज्याड़ी की महिलाओं ने झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। रैली को राष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी पुष्कर भंडारी, प्रधान दिनेश नेगी समिति के महासचिव लक्ष्मण नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र चाकर, लक्ष्मी प्रसाद गैरोला और राकेश सिंह आदि ने भी विचार रखे।