श्रीनगर। शहर में सार्वजनिक पानी की टंकियों पर किए गए अतिक्रमण के संबंध में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला प्रशासन इस संबंध में जल संस्थान से जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।
शहर क्षेत्र में अधिकांश सार्वजनिक पानी की टंकियां अतिक्रमण की चपेट में हैं। कुछ लोगों ने पानी की टंकियों को अपने कब्जे में ले लिया है। पालिका के पूर्व नामित सभासद गणेश भट्ट ने कहा कि सार्वजनिक पानी की टंकियों पर अतिक्रमण करने की शिकायत कई बार तहसील दिवस व जनता दरबार में की गई है। लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। पानी की टंकियों पर अतिक्रमण से राहगीरों के साथ ही स्थानीय निवासियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं सार्वजनिक पानी की टंकियों पर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि इस संबंध में जल संस्थान को जांच के लिए निर्देशित किया जाएगा। जल संस्थान की जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम सुशील कुमार ने कहा कि पानी की टंकियों के अलावा अन्य अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।