देवप्रयाग। अलकनंदा-भागरथी नदी के संगम पर गंगा आरती के साथ तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गंगा क्याक महोत्सव का शनिवार को श्रीगणेश हुआ। महोत्सव में सात देशों के 85 खिलाड़ी भाग ले रहे है। पहले दिन क्याकर्स ने अलकनंदा और भागीरथी नदी में करतब दिखाए।
द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी की ओर से दूसरी बार आयोजित क्याक महोत्सव का क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने शुभारंभ हुआ। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिये हर संभव प्रयास कर रही है। इससे जहां युवा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा, वहीं रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे। कुंभ नगरी देवप्रयाग पूरे विश्व में गंगा क्याक फेस्टिवल का केंद्र बनेगी।
नगरपालिका अध्यक्ष शुभांगी कोटियाल ने देवप्रयाग में गंगा क्याक फेस्टिवल आयोजन के लिए सोसाइटी को धन्यवाद दिया। उन्होंने देवप्रयाग में साहसिक खेलों के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग से पर्याप्त सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम आयोजक अध्यक्ष भीम सिंह चौहान ने बताया कि देवप्रयाग में भागीरथी नदी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का रैपिड है, जो युवा क्याकर्स की प्रतिभा निखारने में सहायक है। आने वाले समय में यहां अंतरराष्ट्रीय राफ्टिंग प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
उद्घाटन मौके पर सोसायटी की ओर से हरेंद्र सिंह रावत, विशाल भंडारी, ध्रुव नरेश राणा, संदीप राणा, विकास ध्यानी, विधार्थी पालीवाल, गुरुमीत सिंह, मुकेश भट्ट, प्रदीप रौथाण व अतुल कोटियाल आदि मौजूद थे।
प्रतिस्पर्धा आज से शुरू
देवप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय गंगा क्याक फेस्टिवल में पहले दिन भागीरथी और गंगा नदी के 500 मीटर दायरे में खिलाड़ियों ने स्प्रिंट, जायंट सलालम और वोटर क्रास स्पर्धा में अपना कौशल दिखाया। इसमें आइसलैंड की प्रतिभागी टिनन सिगुरदारदोत्तीर और पिछले साल के बेस्ट इंडियन पैडलर सोहन सिंह सहित सबसे कम उम्र के 17 वर्षीय मनीष पंवार के अलावा पवन राणा, कान सिंह और अयोध्या प्रसाद कोठियाल भी शामिल थे। रविवार से तीन वर्गों में प्रतियोगिता होगी। ब्यूरो