श्रीनगर। जनासू गांव में एक आवासीय भवन आग लगने से खाक हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान भवन के भीतर कोई मौजूद नहीं था। मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोतवाली फायर यूनिट के लीडिंग फायर मैन रणधीर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे उन्हें जनासू गांव में एक अवासीय भवन में आग लगने की सूचना मिली। जिस पर फायर टीम मौके पर पहुंची। रणधीर ने बताया कि जनासू निवासी रणजीत सिंह परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं। गांव में उनके मकान पर कुछ मजदूर रहते हैं। बृहस्पतिवार रात को खाना खाने के बाद मजदूर गांव में ही किसी के घर में टीवी देखने चले गए। इस दौरान हवा से चूल्हे की आग सुलग गई। मकान पुराना होने के कारण छत व दरवाजे लकड़ी के थे। जिन्होंने आग पकड़ ली। जिससे लकड़ी की पूरी छत, खिड़की व दरवाजे जलकर खाक हो गए। मौके पर पहुंची फायर टीम ने ग्रामीणों केे सहयोग से करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि जान का कोई नुकसान नहीं हुआ। आग बुझाने वालों में अनिल कोहली, बीरेंद्र कुमार व यशपाल आदि शामिल थे।
राजीव