ब्यूरो/सेलाकुई।
लोनिवि की हीलाहवाली के चलते पांच साल बाद भी बैरागीवाला में बरसाती नाले पर बनी पुलिया का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। बरसात में लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो जाती हैं। लोगों को जान जोखिम में डाल कर उफनाए बरसाती नाले को पार करना पड़ता हैं।
साल 2013 में लोनिवि के 80 लाख की लागत से एक किमी सड़क के साथ ही गांव स्थित बरसाती नाले पर पुलिया का निर्माण कराया था। लेकिन जून 2013 की आपदा में ही बरसाती नाले के उफनने से पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिया गांव की 800 की आबादी को दूसरे छोर से जोड़ती हैं, जहां लोगों की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि हैं। ट्रैक्टर-ट्रालियां इसी पुलिया के रास्ते खेतों तक पहुंचती थी। लेकिन आपदा के दौरान जल स्तर बढ़ने से पुलिया धराशायी हो गई थी, तब से विभाग ने इसकी सुध नहीं ली है। रणजीत सिंह, अशोक कुमार, विक्की कश्यप आदि का कहना है कि लोगों को बरसाती नाले से होकर गुजरना पड़ता हैं। बारिश के दौरान नाला उफनने से आवाजाही पूरी तरह से ठप हो जाती है। उधर, संपर्क करने पर लोनिवि निर्माण खंड देहरादून के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने फोन नहीं उठाया।