ब्यूरो/कालसी।
गेट स्थित एसबीआई के एटीएम को हरिपुर स्थानांतरित किए जाने के विरोध में लोग भड़क गए। उन्होंने शाखा प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। शाखा प्रबंधक के लिखित आश्वासन पर लोग शांत हुए।
लोगों का आरोप है कि कालसी में एसबीआई बैंक की शाखा है, लेकिन कुछ माह पूर्व बैंक प्रबंधन ने उक्त शाखा को गुपचुप तरीके से हरिपुर में शिफ्ट कर दिया। जिसका लोगों ने खासा विरोध किया। हंगामे के बाद बैंक प्रबंधन ने एटीएम को कालसी से ही संचालित करने का आश्वासन दिया। लेकिन बृहस्पतिवार को प्रबंधन ने एटीएम को भी हरिपुर स्थानांतरित करने की कवायद शुरू कर दी। जिसके विरोध में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कहा बैंक में कई लोगों के खाते हैं। इसके साथ ही कालसी गेट पर ब्लॉक कार्यालय और अशोक शिलालेख भी स्थित है। जिसके दीदार को रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचते हैं। ऐसे में एटीएम न होने से लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं। प्रदर्शन करने वालों में तिलवाड़ा की प्रधान अमृता रोहिला, व्यास नहरी के प्रधान शमशेर सिंह चौहान, ककाड़ी की प्रधान राधा देवी जैन, विनीता, मोनू वर्मा, नवीन, गोपाल, प्रताप सिंह, कोमल शर्मा, गीता शर्मा, रितेश आदि मौजूद रहे।