ब्यूरो/ऋषिकेश। जम्मू कश्मीर में सेना के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे के विरोध में पूर्व सैनिकों ने शहर में रैली निकाली। उन्होंने राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर सेना पर गलत बयानबाजी करने वाले राजनेताओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने और पत्थरबाजों से सख्ती से निपटने की मांग की। बृहस्पतिवार को उत्तराखंड पूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक संगठन की ओर से तहसील से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए त्रिवेणीघाट स्थित गांधी स्तंभ तक रैली निकाली गई। इस दौरान संगठन के संरक्षक शोभाराम रतूड़ी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में सेना के जवानों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें कार्रवाई की छूट देने की बजाए उल्टा मुकदमा दर्ज कर रही है। कहा कि सरकार की इस कार्रवाई से सेना के जवानों और आर्मी में भर्ती होने की सोच रहे नौजवानों का मनोबल टूट रहा है।
रतूड़ी ने सेना के मामले में राजनीति करने वाले नेताओं की निंदा की। इसके साथ ही सेना के खिलाफ बेतुके बयान देने वाले राजनेताओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इससे पूर्व तहसील में पूर्व सैनिकों ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। रैली में बलवंत सिंह रांगड़, नंदकिशोर रतूड़ी, चतर सिंह बिष्ट, मातबर सिंह पंवार, विनोद कुमार, रविंद्र सिंह, गंगाराम बलूनी, भगवान सिंह नेगी, राम स्वरूप भट्ट, जेआर बलूनी, सूरत सिंह राणा, दीपक ध्यानी, अमरदेव कुकरेती आदि शामिल थे।