थराली। तहसील के त्रिकोट सहित पटवारी क्षेत्र ग्वालदम के छह गांवों को देवाल तहसील में शामिल करने का लोगों ने विरोध किया। भाजपा नेता गोविंद प्रसाद जोशी ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा यदि थराली ब्लाक के इन छह गांवों को देवाल तहसील में मिलाया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
जिला पंचायत सदस्य भावना रावत, त्रिकोट के प्रधान विक्रम बधाणी, बुड़जौला के प्रधान बिजेंद्र सिंह, ग्वालदम की प्रधान मीनू टम्टा, चिड़िंगा के प्रधान सुरेशानंद जोशी ने कहा कि राजस्व विभाग इन दिनों पटवारी वृत्त ग्वालदम के चिड़िंगा स्टेट, चिड़िंगा खालसा, गुड़म स्टेट, त्रिकोट, जौला और बुड़जौला को देवाल तहसील में शामिल किए जाने का सर्वे कर रहा है। इन गांवों का ब्लाक मुख्यालय थराली है। यदि देवाल तहसील में इन गांवों को शामिल किया जाता है तो ग्रामीणों का ब्लाक अलग और तहसील अलग होने के साथ ही तहसील मुख्यालय दूर हो जाएगा।