कर्णप्रयाग। ब्लाक के कंडारा गांव में पहली बार आयोजित हो रहे दो दिवसीय छांतेश्वर महादेव धार्मिक, सांस्कृतिक पर्यटन एवं विकास मेले का रंगारंग आगाज हुआ। लोक कलाकारों ने कपीरी की ईष्ट मां उमा, बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ सहित अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। मेले का उद्घाटन विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि कपीरी को कड़ाकोट से जोड़ने वाली 14 किमी सड़क पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। छांतेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क निर्माण, क्षेत्र में पेयजल संकट का समाधान और आईटीआई खोलने के प्रयास किए जाएंगे।
मेले में प्राथमिक विद्यालय कंडारा और जस्यारा, जीआईसी नैनीसैंण के बच्चों ने स्वागत गीत सहित कई प्रस्तुतियां दीं। वहीं लोक कलाकार जितेंद्र कुमार ने पैंतासार ह्वेगे उमा तेरी जात्रा... से क्षेत्र की ईष्ट देवी उमा को याद किया तो बेटी कु मोल, बड़ो अनमोल.. से बेटी बचाओ का संदेश दिया। दूसरी ओर शैलेश्वर में आयोजित मेले के तीसरे दिन जूनियर हाईस्कूल बैनोली, डुंगरी-जसपुर, मलेठी तथा प्राथमिक विद्यालय बैनोली, ऐरोली, मलेठी, डुंगरी आदि ने लोक संस्कृति पर आधारित कई प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान मुख्य अतिथि विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी ने मंदिर परिसर में बनी धर्मशाला के दो अतिरिक्त कक्षा कक्षों का लोकार्पण किया। मेले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण मैठाणी, गौचर नगर पालिका के अध्यक्ष मुकेश नेगी, मेले के संयोजक विनोद नेगी, राजेंद्र सगोई, महानंद मैठाणी, प्रधान हरीश चौहान और विनोद चौहान आदि मौजूद थे।