देवप्रयाग। विकासखंड की भरपूर पट्टी के खरसाड़ी गांव में पहली बार गैस सिलेंडर का वाहन पहुंचने से ग्रामीणों ने खुशी जताई है। खरसाड़ी गांव में आठ वर्ष पूर्व सड़क तो पहुंच चुकी थी लेकिन गांव में रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। ग्रामीणों को गैस के लिए 22 किमी दूर जाना पड़ रहा था।
मंगलवार को शिवरात्रि के दिन जब खरसाड़ी गांव में रसोई गैस से भरा वाहन पहुंचा तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। गांव में सड़क सुविधा होने के बावजूद ग्रामीण गैस के लिए 200 रुपये किराया भाड़ा देकर 22 किमी दूर देवप्रयाग से गैस की आपूर्ति करते थे। पूर्व प्रधान अरविंद खंडूड़ी ने बताया कि गांव में गैस की आपूर्ति के लिए विगत कई वर्षों से मांग की जा रही थी। गांव में गैस सिलेंडर का वाहन पहुंचने पर सिद्धी देवी, पीतांबर दास, सुंदरी देवी, राधादेवी, कृपाल सिह, पूनम देवी, मंजूदेवी आदि ने ख़ुशी जताई है। ब्यूरो