ब्यूरो/ऋषिकेश। द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी की ओर से देवप्रयाग में 17 फरवरी से गंगा क्याक फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। प्रेसभवन में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई, जिसमें बताया गया कि फेस्टिवल में ओवरऑल विजेता को 50 हजार व बेस्ट इंडियन पैडलर्स को 30 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। सोमवार को आयोजित वार्ता में संस्था के सचिव हरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि फेस्टिवल में देश के साथ ही सात अन्य देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। संस्था के अध्यक्ष भीम सिंह चौहान ने बताया कि मास वोटर क्रॉस बिगनर कैटेगिरी रेस की शुरुआत देवप्रयाग संगम से होगी।
18 फरवरी को प्रो-स्प्रिंट व प्रो-स्लालम का आयोजन किया जाएगा। जबकि 19 फरवरी को प्रो-बोटर एक्स, बिगनर बोटर क्रॉस, मास बोटर एक्स का आयोजन किया जाएगा। बताया कि फेस्टिवल में आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को प्रतिभाग करना आवश्यक होगा। विजेताओं को पुरस्कार के साथ ही प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। इस अवसर पर विशाल सिंह भंडारी, ध्रुव राणा, संदीप सिंह, हरेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।