देवाल। पूर्ति विभाग की ओर से 6 माह से ब्लॉक में मिट्टी तेल की आपूर्ति न करने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर जल्द मिट्टी तेल की आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट, बलाड़ के प्रधान केदार सिंह, रामपुर के हरेंद्र गड़िया और कुंदन सिंह भंडारी ने ज्ञापन में बताया कि हिमनी, पिनाउं, घेस, रामपुर, तोरती और बमोटिया सहित कई गांवों में बिजली नहीं है। यहां के ग्रामीण लालटेन से काम चलाते हैं, लेकिन पूर्ति विभाग की ओर से ब्लॉक में छह माह से मिट्टी के तेल की आपूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में मोमबत्तियों के सहारे गुजारा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा यदि जल्द मिट्टी तेल की आपूर्ति सुचारु नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा। पूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर भगवती प्रसाद रतूड़ी ने बताया कि देवाल ब्लाक में मिट्टी के तेल की सप्लाई को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों से आग्रह किया गया है।