पेयजल लाइन फटी, सड़क बनी तालाब
- कई घरों में सुबह के समय प्रभावित रही पेयजल आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर। निर्माण कार्य के दौरान डाकपत्थर-जीवनगढ़ संपर्क मार्ग पर पेयजल फट गई। कुछ ही देर में पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय कई इलाकों में पानी की आपूर्ति भी ठप रही। करीब 1000 की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इन दिनों सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में बीते बृहस्पतिवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी की चपेट में आकर पाइप लाइन फट गई। सड़क के करीब 300 मीटर हिस्से पर पानी जमा हो गया। रात को अंधेरे में कई लोग इस हिस्से में गिर कर चोटिल हो गए। सुबह के समय स्कूली छात्रों के साथ ही लोगों को भी आवाजाही में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने फोन पर इस मामले की शिकायत जल संस्थान के सहायक अभियंता से की। जिसके बाद मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने लाइन को ठीक किया हालांकि, सड़क में जमे पानी की अब तक निकासी नहीं हो सकी। जल संस्थान के सहायक अभियंता एसके श्रीवास्तव ने कहा कि पेयजल लाइन को जोड़ा जा चुका है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि अवर अभियंता को निर्देशित कर पानी की निकासी की जाएगी।