ब्यूरो/ऋषिकेश । ज्योतिषाचार्य व शिक्षक डा. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने बताया कि इस साल महाशिवरात्रि बुधवार को मनाई जाएगी। उन्होंने शिवरात्रि पर्व पर सभी जातकों के लिए भगवान शंकर के पूजन को फलदायी बताया। उन्होंने बताया कि चतुर्दशी तिथि 13 फरवरी यानि मंगलवार की रात्रि 10 बजकर 37 मिनट से आरंभ होगी व 14 फरवरी बुधवार को रात्रि 12 बजकर 40 मिनट तक रहेगी।
लिहाजा जनसामान्य गृहस्थियों की परिस्थिति के मद्देनजर व्रत व शिवलिंग पर जलार्पण 14 फरवरी बुधवार को ही उत्तम रहेगा। उन्होंने बताया कि शास्त्रों के निर्णयानुसार महाशिवरात्रि का व्रत निशिथ व्यापनी चतुर्दशी को रखा जाता है। अधिकतर गृहस्थी निशिथकाल मध्यरात्रि तक व्रती नहीं रह पाते हैं। इन परिस्थितियों में 13 फरवरी को व्रत रखना तभी उचित होगा, जब रात्रि 12 बजकर 30 मिनट के बाद शिव पूजन के साथ व्रत पूरा किया जाए, जोकि व्रतियों के लिए संभव नहीं है।
डा. घिल्डियाल ने बताया कि बुधवार को सूर्योदय से लेकर रात्रि निशिथकाल तक चतुर्दशी तिथि है। लिहाजा उस दिन व्रत रखकर सांयकाल शिव पूजन के साथ व्रत की समाप्ति होगी, व्रती को संपूर्ण फल की प्राप्ति होगी। बताया कि निसंतान दंपत्ति मंगलवार से व्रत आरंभ कर बुधवार की मध्यरात्रि के बाद अन्न ग्रहण करें तो फल की प्राप्ति अवश्यंभावी है। उन्होंने सभी राशियों के लोगों के लिए महाशिवरात्रि पर्व पर शिव पूजन को उत्तम फलदायक बताया।