थराली। सोल पट्टी की समस्याओं को लेकर पट्टी के 16 गांवों के ग्रामीणों की बैठक हुई। इस दौरान समस्याओं के निस्तारण के लिए विभिन्न स्तरों पर आंदोलन करने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही सोल पट्टी विकास संघर्ष समिति का गठन करते हुए कोलपुड़ी के हयात सिंह को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई।
ढाढ़रबगड़ में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि दो दशक से अधिक समय बीतने पर भी थराली-घाट सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने रतगांव, कोलपुड़ी और गोपटारा आदि तोकों का विद्युतीकरण करने, ढाढ़रबगड़ में लोह मोटर पुल का निर्माण करने, कोलपुड़ी-विनायक धार-घाट मार्ग का निर्माण करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूंगा में डॉक्टर की नियुक्ति करने, बुरसोल गांव को सड़क से जोड़ने के साथ ही क्षेत्र के भींकलताल, सुपताल आदि पर्यटन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की मांग उठाई गई। इस दौरान समिति का गठन करते हुए बुरसोल के कलम सिंह, रतगांव के रामसिंह फस्वार्ण तथा रूईसाण के दलवीर सिंह को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जगमोहन सिंह रावत को सचिव, भरत सिंह कोषाध्यक्ष, देवेंद्र सिंह रावत को सहसचिव बनाया गया। प्रकाश सिंह, भोपाल सिंह, कैलाश चंदोला, रूकमणी देवी, हरेंद्र सिंह, विजयपाल राम, केदार दत्त, भरत सिंह रावत और पूरन सिंह को सदस्य चुना गया। कानूनी सलाहकार के तौर पर एडवोकेट नवीन मिश्रा को मनोनीत किया गया। बैठक में विक्रम, सिंह, कुंवर सिंह, जसन राम, कैलाश चंद्र, इंद्र सिंह, महावीर सिंह, दिनेश चंद्र, सुनील चंद्र, महावीर सिंह और कलम सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।