श्रीनगर। प्री-पीएचडी में सीटें बढ़ाए जाने की मांग को लेकर बिड़ला परिसर के छात्रों ने कुलपति का घेराव किया। इस दौरान छात्रों ने विवि प्रशासन पर प्री-पीएचडी प्रवेश में अपने चेहतों को फायदा पहुंचाने का आरोप भी लगाया। कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने मांगों पर छात्रों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बुधवार को बिड़ला परिसर के छात्रों ने शोध छात्र एसोसिएशन के अध्यक्ष दर्शन दानू और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनोज रावत के नेतृत्व में कुलपति प्रो. एबी भट्ट का घेराव किया। छात्रों ने गढ़वाल विवि प्रशासन पर प्री-पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अपने चेहतों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। छात्रों ने कहा कि प्री-पीएचडी में प्रवेश की अंतिम तिथि 20 दिसंबर नियत की गई थी, बावजूद इसके कुछ विषयों में दो दिन पूर्व भी प्रवेश किए गए है। छात्रों ने कहा कि अधिकांश विषयों में प्री-पीएचडी की सीटें रिक्त हैं, लेकिन विवि प्रशासन इन पर प्रवेश के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। छात्रों ने प्री-पीएचडी की रिक्त सीटों पर जल्द प्रवेश किए जाने की मांग की। इसके अलावा छात्रों ने चौरास परिसर में एटीएम, बिड़ला परिसर में महिला छात्रावास का निर्माण कार्य शुरू किए जाने और दीक्षांत समारोह की तिथि घोषित किए जाने की मांग भी की। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो कुलपति कार्यालय में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने छात्रों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान मुख्य नियंता प्रो. एचबीएस चौहान, प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल, कुलसचिव डा. एके झा, संयुक्त कुलसचिव डा. एके मोहंती आदि मौजूद थे। घेराव करने वालों में पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष मंजीत रावत, विकास चौहान, वेशू रावत, अखिलेश सजवाण, कुनाल बिष्ट आदि शामिल थे।