गोपेश्वर। उत्तराखंड भोजनमाता कामगार यूनियन की जिला इकाई ने मानदेय और बोनस भुगतान की मांग को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि मानदेय का भुगतान न होने से भोजनमाताओं के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। यूनियन पदाधिकारियों ने शीघ्र मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिले की भोजनमाता यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य जुलूस की शक्ल में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बीईओ को सौंपे ज्ञापन में भोजनमाताओं को यथावत रखने की मांग उठाई। कहा कि अब कई विद्यालयों से लंबे समय से कार्यरत भोजनमाताओं को हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस मौके पर यूनियन की जिलाध्यक्ष कमला जोशी, प्रेमा देवी, यशोदा देवी, भागा देवी, बबली देवी, पार्वती देवी, जशोदा देवी, किशोरी देवी और विमला देवी आदि मौजूद थे।