कामन सर्विस सेंटर से जुड़ेंगी राशन की दुकानें
- कालसी ब्लॉक सभागार में राशन डिलरों की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कालसी।
पूर्ति निरीक्षक जेपी सकलानी ने कालसी ब्लॉक सभागार में राशन डिलरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी राशन की दुकानें कामन सर्विस सेंटर से जोड़ी जाएंगी। सभी राशन दुकानों को ऑनलाइन किया जा रहा है। ऑनलाइन होने के बाद ही आगे से उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया जा सकेगा। बैठक के दौरान राशन डीलरों ने किराया भाड़ा न मिलने का मुद्दा भी उठाया। कहा प्रखंड अंतर्गत कई सरकारी राशन की दुकानें ऐसी हैं जहां पर वाहन नहीं जा सकते। ऐसे में उक्त दुकानों पर घोड़े-खच्चरों के माध्यम से राशन पहुंचाना पड़ता है। लेकिन बीते एक साल से डीलरों को उक्त ढुलान का किराया नहीं मिला है। पूर्ति निरीक्षक ने शीघ्र किराया भाड़ा देने की बात कही। बैठक में गुलाब सिंह नेगी, सियाराम चौहान, श्याम सिंह राठौर, महीपाल सिंह, ध्यान सिंह, गजेंद्र सिंह, रमेश, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।