श्रीनगर। शहर और आसपास के क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला तहसील दिवस में उठा। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण के मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान 20 शिकायतें दर्ज की गई। इनमें सात शिकायतें मौके पर ही निस्तारित कर दी गई।
मंगलवार को तहसील परिसर में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सुशील कुमार इस अवसर पर मौजूद रहे। डांग के ग्रामीणों ने गांव में बरसाती पानी की निकासी न होने का मामला उठाया। जबकि प्रगतिशील जनमंच ने एनआईटी स्थाई परिसर निर्माण, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति का मामला उठाया। डा. बीपी नैथानी ने स्वच्छता अभियान में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसके अलावा सभासद सुधांशु नौडियाल भक्तियाना क्षेत्र में काली मंदिर समीप जल भराव की समस्या को दूर किए जाने की मांग की। तहसीलदार सुनील राज ने बताया कि करीब 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया है। जबकि अन्य शिकायतों पर कार्रवाई किए जाने के लिए डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों ने तहसील परिसर में स्टाल भी लगाए थे। इस दौरान एसडीएम मायादत्त जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।