गोपेश्वर। खेलो इंडिया नेशनल गेम्स 2018 में वॉक रेस में गोल्ड मेडल प्राप्त छात्र परमजीत, छात्रा मानसी और कोच गोपाल बिष्ट का गृह जनपद पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने भव्य स्वागत किया। मानसी को देख उनकी मां रामेश्वरी देवी ने उसे गले लगाया और खुशी से रो पड़ीं।
गोपेश्वर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल विभाग ने दोनों का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। गोल्ड मेडलिस्ट मानसी और परमजीत ने कहा कि उत्तराखंड में खेलों के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। जहां देश के स्पोर्ट्स कॉलेज सुविधा संपन्न हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं स्वयं के संसाधनों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा बिखेर रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत और वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष अशोक रावत ने कहा कि परमजीत और मानसी ने राज्य और चमोली जिले का गौरव बढ़ाया है। इसके बाद गोपेश्वर बाजार में दोनों खिलाड़ियों के साथ खेल प्रेमियों ने विजय जुलूस भी निकाला। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे भी गूंजे। परमजीत और मानसी ने गोपीनाथ मंदिर में मत्था भी टेका। इस मौके पर राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष केके डिमरी, पूर्व प्रमुख नंदन सिंह बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुरेश चंद्र पांडे, युवा कल्याण अधिकारी जीपी थपलियाल, आयुष चौहान, कैलाश चंद्र पंत, रघुवीर बिष्ट और रमेश चौधरी आदि मौजूद थे।
इंसेट
पांच-पांच हजार का नकद पुरस्कार दिया
गोपेश्वर। गढ़वाल सांसद प्रतिनिधि रघुवीर बिष्ट ने वॉक रेसर परमजीत और मानसी को पांच-पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया। उन्होंने कहा कि अन्य छात्रों को भी इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।