ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मनरेगा सोशल ऑडिट टीम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी बीएस झिंकवाण के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन भेजा।
इससे पूर्व आयोजित बैठक में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि ऑडिट टीम गांव में अराजकता फैला रही है। प्रधानों को जानबूझ कर परेशान किया जा रहा है। टीम के सदस्य प्रधानों से रिश्वत की मांग कर रहे हैं और विपक्षी ग्रामीणों को ग्राम प्रधान के विरुद्ध बोलने के लिए उकसा रहे हैं। आरोप लगाया कि यदि ऑडिट टीम में शामिल सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो सहसपुर प्रखंड के खुशहालपुर गांव की तरह विकासनगर ब्लॉक के गांव में भी हिंसा हो सकती है। उन्होंने ग्राम पंचायतों के सोशल ऑडिट को स्थगित करने की मांग की।
ज्ञापन भेजने वालों में पछवादून प्रधान संगठन के अध्यक्ष इमरान खान, नरेंद्र सैनी, प्रदीप सिंह, मस्ताना अंसारी, हारुन अली, बाला चौहान, रविंद्र कुमार, विमला देवी, रण सिंह, कम्मो देवी, पूनम, अशोक, गालिब अली, आबिदा, गुमान सिंह, रेशमी देवी, विकास पटेल, जयदीप आदि शामिल रहे।