ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर।
राज्य वित्त के बजट को ठिकाने लगाने के लिए पालिका प्रशासन ने सही टाइल्स रोड को खराब बता उधेड़ डाला। जिससे नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। हैरानी की बात यह है कि सड़क की मरम्मत से संबंधित प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में पास करा लिया गया।
इन दिनों पालिका प्रशासन राज्य वित्त के तहत क्षेत्र में सड़कों का निर्माण करा रहा है। वर्तमान में चर्च रोड और पंजाबी कॉलोनी में गलियों में टाइल्स की रोड बनाई जा रही है लेकिन सोमवार को विभाग ने बजट को ठिकाने लगाने के लिए पंजाबी कॉलोनी स्थित डेयरी के बगल से गुजर रही सही टाइल्स रोड को उधेड़ना शुरू कर दिया जबकि उक्त सड़क ठीक हालत में है।
भास्कर चुग, अरविंद शर्मा आदि का कहना है कि बजट को ठिकाने लगाने के लिए इन दिनों पालिका प्रशासन फिजूल के काम करा रहा है। सही हालत होने के बावजूद सड़क को उधेड़ फिर से बनाया जा रहा है। ठेकेदार पुरानी निकाली गई टाईल्स को पालिका कार्यालय में जमा न कराकर फिर से सड़क पर लगा उसे नया दिखा रहा है। पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
इस संबंध में ईओ बीएल आर्य का कहना है कि जलभराव की शिकायत पर दुबारा से सड़क को बनाया जा रहा है। बोर्ड में पास प्रस्ताव के आधार पर सड़क को दुबारा से बनाया जा रहा है।