गैरसैंण। नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार (गैरसैंण मुख्य बाजार) में एक सप्ताह से पेयजल संकट बना है। नगर पंचायत सभासद पुष्कर सिंह कोलखी के नेतृत्व में वार्ड की महिलाएं तहसील पहुंची और तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में लोगों ने कहा कि जलसंस्थान कर्मियों की लापरवाही से वार्ड में पेयजल संकट बना है। सभासद पुष्कर सिंह ने कहा कि शिकायत करने पर विभागीय कर्मी अभद्रता करने पर उतारू हो जाते हैं। लोगों ने जल्द वार्ड में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं दूसरी ओर जलसंस्थान के अपर सहायक अभियंता यशपाल बिष्ट ने कहा कि टैंक में पानी कम होने के कारण समस्या बनी हुई है। जल्द वार्ड में पेयजल आपूर्ति की जाएगी। बिष्ट ने बताया कि अभद्रता करने वाला कर्मी अस्थायी तौर पर तैनात था, जिसे हटा दिया गया है।