नहीं मिली रही दुर्गंध से निजात, कोर्ट जाएंगे लोग
- ग्रामीणों ने मुंह में पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
- निकाय चुनावों का बहिष्कार करने की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
सेलाकुई।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी शीशमबाड़ा और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को प्लांट से उठ रही दुर्गंध से निजात नहीं मिल पा रही है। रविवार को प्रगति विहार सेलाकुई आयोजित बैठक में 150 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्लांट के विरोध में लोगों ने मुंह में मास्क बांधकर प्रदर्शन भी किया। इसके विरोध में अब लोगों ने कोर्ट की शरण लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही दुर्गंध को रोकने के उचित प्रबंध नहीं किए जाते तो लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। लोग निकाय चुनावों का भी बहिष्कार करेंगे। मांग के समर्थन में लोगों ने मेयर विनोद चमोली और मुख्यमंत्री को एक अपील पत्र भी भेजा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दुर्गंध के चलते लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। प्लांट के शुरू होने से पूर्व लोगों को दुर्गंध के निस्तारण का भरोसा दिलाया गया था। बीते दिनों नगर आयुक्त ने भी निरीक्षण के दौरान दुर्गंध के निस्तारण की बात कही थी। लेकिन अब तक लोगों को इससे निजात नहीं मिल सका है। दुर्गंध से बीमारियां पनपने का खतरा बना हुआ है। कहा यदि सरकार दुर्गंध का समाधान नहीं करती तो लोगों को प्लांट पर जनहित याचिका डालने को बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर दुर्गा राणा, सोनाली सरकार, कुसुम भंडारी, अनीता चौहान, अल्पना थापा, विमला देवी, आशा रावत, बीना नेगी, अंजू उपाध्याय, रीना बहुगुणा, कविता पंत, विमलावती आदि मौजूद रहे।