देवाल। ब्लॉक के अंतिम ग्राम पंचायत वाण में व्याप्त समस्याओं के निराकरण को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने डीएम से जनसमस्याओं के निराकरण की दिशा में संबंधित विभागों को दिशा निर्देश देने की मांग की।
वाण के प्रधान खीमी राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा पहाड़ी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि जनपद चमोली का दूरस्थ गांव वाण श्री नंदा देवी राजजात का अंतिम गांव है। यहां पर भगवान लाटू देवता का प्राचीन मंदिर है। मंदिर में देश-विदेश के श्रद्धालु आते हैं। कई बार मंदिर के सुंदरीकरण की मांग की गई लेकिन शासन और प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। वहीं 2016 की आपदा से गांव के विभिन्न नालों के उफान पर आने से यहां 5 सीसी पुलिया और पैदल रास्तों के बहने से ग्रामीणों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि जन प्रतिनिधियों ने कई बार तहसील दिवस और बीडीसी की बैठकों में पुलों और पैदल रास्तों के पुनर्निर्माण की मांग की लेकिन इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की गई।