आरक्षण सुविधा बंद होने से यात्रियों की बढ़ी दिक्कतें
-- राजनीतिक और समाजसेवी संस्थाओं ने की आंदोलन की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। रेलवे स्टेशन डोईवाला में रेलवे विभाग द्वारा आरक्षण सुविधा बंद करने के बाद रेलयात्रियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। आरक्षण सुविधा ठप्प होने से क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक और संगठनों ने नाराजगी जाहिर करते हुए इस मुद्दे पर जल्द आंदोलन की रणनीति तैयार करने की बात कही है। बीती दो फरवरी से डोईवाला के रेलवे स्टेशन से रेलयात्रियों को आरक्षण सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोगों के संज्ञान में सुविधा बंद होने का मामला सामने आने पर आक्रोश पनप गया है। आरक्षण सुविधा को दोबारा बहाल करने के लिए युवा कांग्रेस, भारत की जनवादी नौजवान सभा और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के लिए समाधान के लिए संघर्ष करने के लिए गठित किया गया डोईवाला संयुक्त संघर्ष मोर्चा आंदोलन की तैयारी में जुट गया है।
अक्टूबर 2017 में भी रेल मंत्रालय ने अचानक आरक्षण सुविधा को बंद करने का आदेश जारी कर दिया था। स्थानीय लोगों के संघर्ष के बाद आरक्षण सुविधा को दोबारा शुरू कर दिया था। संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी ने कहा कि आरक्षण सुविधा बहाल कराने के लिए मोर्चा निर्णायक संघर्ष करने की तैयारी कर रहा है। जनवादी नौजवान सभा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम ने कहा कि भाजपा सरकार सुविधाओं को बढ़ाने के बजाए कटौती कर जनता के हितों पर कुठाराघात कर रही है। कहा कि सभी संगठन एकजुट होकर इस लड़ाई को अंजाम तक ले जाएंगे। सामाजिक संगठन लोकहितकारी परिषद के अध्यक्ष अश्वनी कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलमंत्री को आरक्षण सुविधा बहाल करने के लिए पत्र दिया जा रहा है।