चमोली। बदरीनाथ हाईवे पर क्षेत्रपाल में सिंचाई विभाग के गोदाम पर आग लगने से यहां रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि शनिवार को अपराह्न 2 बजे अचानक क्षेत्रपाल स्थित सिंचाई विभाग के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की निर्भीक यूनिट और अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।