कर्णप्रयाग। श्री बदरीनाथ धाम के डिमरी पुजारियों के गांव डिम्मर (विद्यापीठ) में डिम्मर-उमट्टा धार्मिक पंचायत की बैठक हुई। बैठक में आगामी यात्रा में श्री बदरीनाथ धाम की पूजा व्यवस्था और 7 अप्रैल से टिहरी राजदरबार में तिलों के तेल निकालने की प्रक्रिया और गाडूघड़ा यात्रा के सफल संचालन पर चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का गठन करते हुए आशुतोष डिमरी को अध्यक्ष, कमलेश डिमरी उपाध्यक्ष, दिनेश चंद्र डिमरी महामंत्री, विमल डिमरी कोषाध्यक्ष और हेमचंद्र डिमरी उपमंत्री बने। धार्मिक पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने कहा कि बदरीविशाल के के कपाटोद्घाटन और गाडू घड़ा यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के साथ पंचायत की संयुक्त बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। बैठक में डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष सुरेश डिमरी, पर्यवेक्षक प्रकाश चंद्र डिमरी, अनुज डिमरी, चंडी प्रसाद डिमरी, जीपी डिमरी सहित सैकड़ों की संख्या में डिम्मर, उमट्टा, जयकंडी, उत्तरों, नौली आदि गांवों के ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।