घाट/जोशीमठ। घाट ब्लॉक मुख्यालय के समीप जंगल में लगी आग से करीब एक हेक्टेयर वन क्षेत्र जल गया। वन विभाग की टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं वन विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
बुधवार को घाट ब्लॉक मुख्यालय के समीप के जंगल में सुबह आठ बजे अचानक आग लग गई, जिससे सूखे जंगल में आग ने कुछ ही देर में भयावह रूप ले लिया। आग शाम तक डेढ़ किमी दूर बिनसर पहाड़ी तक जा पहुंची। आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम दोपहर दो बजे मौके पर पहुंची और चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम छह बजे आग पर काबू पा लिया गया। वन दरोगा धीरज सिंह का कहना है कि जंगल की आग पर काबू पा लिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, बीते मंगलवार को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के थैंग क्षेत्र के जंगलों में लगी आग पर भी विभागीय टीम ने काबू पा लिया है।