श्रीनगर। गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक और उपनियंत्रकों ने कुछ कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। इन अधिकारियों ने इस संबंध में कुलसचिव को लिखित में शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी है। वहीं विवि प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया में अधिकारियों पर टिप्पणी करने और विवि की सूचनाओं को लीक करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वाल विवि प्रशासन ने कुछ दिन पूर्व दो उप परीक्षा नियंत्रकों की नियुक्ति के साथ ही विवि के कुछ वरिष्ठ शिक्षकों को प्रशासनिक भवन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी थी। इस संबंध में गढ़वाल विवि के कर्मचारियों के सोशल मीडिया (व्हाटसएप) पर बने एक ग्रुप में इस संबंध में कुछ टिप्पणियां की गई थी। इन टिप्पणियों पर उप परीक्षा नियंत्रकों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उप परीक्षा नियंत्रक प्रो. वाईएस फरस्वाण ने बताया कि सोशल मीडिया में टिप्पणी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कुलसचिव से शिकायत की गई है। उक्त कर्मचारियों के खिलाफ मानहानि जैसी विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं गढ़वाल विवि के कुलसचिव डा. एके झा ने कार्यालयी आदेश जारी कर सूचनाएं सोशल मीडिया में लीक करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
कोट------------
-सोशल मीडिया में विवि से संबंधित विभिन्न खबरें डाली जा रही हैं, जिससे विश्वविद्यालय की छवि पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। विवि से संबंधित सूचनाएं सोशल मीडिया पर नहीं आनी चाहिए। यदि भविष्य में ऐसी सूचनाएं सोशल मीडिया में आई तो इसकी जांच कर संबंधित के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
-डा. एके झा, कुलसचिव, गढ़वाल विवि।