चैता की चैत्वाली और मेरी गजीणा पर झूमे
-- धूमधाम से मनाया गया संत मदर टेरेसा चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
वीरभद्र स्थित संत मदर टेरेसा चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति व गढ़वाली गीतों पर शानदार गीत व नृत्य प्रस्तुतियां दी। सोमवार को आयोजित वार्षिकोत्सव में स्कूली बच्चों व कार्यक्रम में शिरकत करने वाले लोगों ने भारतीय सेना के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी व उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस दौरान बच्चों ने गढ़वाली गीत चैता की चैत्वाली, मेरी गाजीणा आदि गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि हंस फाउंडेशन के स्थानीय प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही देश का विकास संभव है। गढ़वाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजे नेगी ने अभिभावकों से बेटी-बेटे के बीच के भेदभाव को खत्म करने की अपील की। कहा कि यदि बेटियों को सही शिक्षा व उचित मार्गदर्शन दिया जाए, तो बेटियां हर क्षेत्र में बेटों को भी पीछे छोड़ने में सक्षम हैं। इस मौके पर टीवी कलाकार करण शर्मा, गायक धूम सिंह रावत, लक्ष्मी सजवाण, शिवानी रावत, प्रबंधक रीना जायसवाल, अमित जायसवाल, आरसी शर्मा, सुमन भट्ट आदि मौजूद थे।