श्रीनगर। पौड़ी जिले के अर्जुन चौहान ने एसएसपीएफ (स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन) दिल्ली की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की लंबी कूद स्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल किया है। बेहतर प्रदर्शन को देखते एसएसपीएफ अर्जुन को एक माह का विशेष प्रशिक्षण देगा, ताकि उसका चयन देश की नामी-गिरामी स्पोर्ट्स हॉस्टल में हो सके और वह भविष्य में ओलंपिक जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं मेें देश का प्रतिनिधित्व करे।
हाल में एसएसपीएफ की ओर से महाराष्ट्र के रत्नागिरी में नेशनल एथलेटिक्स गेम्स आयोजित किए गए। इसमें पौड़ी की ओर से 7 खिलाड़ियों (4 बालिका और 3 बालक) ने प्रतिभाग किया। लंबी कूद स्पर्धा (अंडर 12) में पौड़ी जिले के अर्जुन चौहान ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अर्जुन 6.03 मीटर छलांग मार कर प्रथम रहा। वहीं 200 मीटर दौड़ में उसका तीसरा स्थान रहा। अर्जुन श्रीनगर स्थित चिल्ड्रन एकेडमी में कक्षा 9 का छात्र है। वहीं भगवती मेमोरियल पब्लिक स्कूल घसिया महादेव की छात्रा आंचल रावत लंबी कूद में पांचवें स्थान पर रही।
एसएसपीएफ के जिला प्रभारी और कोच केशर कोठियाल ने बताया कि फाउंडेशन अंडर 12 और अंडर 14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहा है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को स्पार्ट्स हॉस्टल में एडमिशन के लायक बनाने के लिए फाउंडेशन एक माह का प्रशिक्षण देगा।