जोशीमठ। घरेलू गैस सिलेंडर के व्यवसायिक उपयोग की शिकायत पर जिला पूर्ति विभाग की ओर से जोशीमठ बाजार के साथ ही आसपास के मोहल्लों के होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी में 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी आईडी नौटियाल के नेतृत्व में टीम ने मारवाड़ी चौक से टीसीपी तिराहे तक होटल, लॉज, रोस्टोरेंट और ढाबों में छापेमारी की। इस दौरान जोशीमठ बाजार में 15 सिलेंडर जब्त किए गए। अभी तक पूर्ति विभाग की ओर से 35 से अधिक घरेलू सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। जिला पूर्ति अधिकारी आईडी नौटियाल का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होने से सामान्य उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अब छापेमारी का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। जहां भी घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया तो सिलेंडर जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा यदि दोबारा इन्हीं दुकानों में घरेलू गैस मिला तो दुकान स्वामी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी।