ऐजा हे भानुमति पाबौ बजारा...
-- लोककलाकारों के नाम रही विकास मेले की आखिरी शाम
-- ओम बधाणी, अनिल बिष्ट व पूनम सती ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। मुनिकीरेती में आयोजित क्रेजी विकास एवं पर्यटन मेले की आखिरी शाम उत्तराखंड के लोक कलाकारों के नाम रही। इस दौरान लोकगायक ओम बधाणी, अनिल बिष्ट ने विभिन्न लोकगीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की का भरपूर मनोरंजन किया। बृहस्पतिवार को विकास मेले के अंतिम दिन आयोजित गढ़वाली गीत संध्या में लोकगायक ओम बधाणी ने गंगू रमोला, बास ले मेरा कफ्फू, जीत सिंगा हे आदि श्रंखलाबद्ध गीत प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। इस दौरान लोकगायक अनिल बिष्ट ने ऐजा हे भानुमती पाबौ बजारा, चैता की चैत्वाली, मेरी सुनीता, हे कांछि गीतों की प्रस्तुति दी।
इसके साथ ही गायिका पूनम सती ने माया लैगे, बधाण की नंदा एकल गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान गायक ओम व पूनम ने तू काई ना आई थी, चौखुट्यो की पार्वती, सुवा प्यारी सुवा आदि युगल गीतों की प्रस्तुतियां भी दी। गणेश खुगशाल गणी के संचालन में आयोजित गीत संध्या में गंगोत्री क्षेत्र का लोक कलाकारों द्वारा घोड़ी ऐड़ी का स्वांग, ढोल पैंसारा के साथ ही तांदी, चांछरी आदि लोकनृत्य प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर सुरेंद्र पुरी, जगेंद्र शाह, मदन, सुभाष पांडेय, द्वारिका नौटियाल, विनोद चौहान, अशोक रावत, सुदर्शन ,सोहन, अंकित, गीता उनियाल, मिनी उनियाल, आरती, दुर्गा, प्रेम बल्लभ पंत, विवेक नौटियाल आदि कलाकारों ने सहयोग किया।
पाक बना नापाक बांकुरों अब चुप रहना स्वीकार नहीं
ऋषिकेश। विकास मेले में आयोजित मुसायरा व कवि सम्मेलन में रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। इस दौरान अब्दुल हईसबा ने ‘वतन पर जान देकर सुर्ख होते रहेंगे हम’ रचना पेश की। अल्ताफ प्यासा ने ‘जमीं कोई-कोई आसमां मांगता है’ रचना प्रस्तुत की। आलम मुसाफिर ने ‘हंसते हुए चेहरे के पीछे भी गम होता है’ रचना सुनाई। सीवी रसाइली द्वारा ‘खिलाने वाला हो जहां कोई भूख से मरता है’, अशोक क्रेजी ने ‘हर तरफ दिखते हैं खंडहर और उजड़े खेत भी’ रचना सुनाई। सत्येंद्र चौहान ने ‘सैरा गौंमा चर्चा चलीं चा’ पेश की। नरेंद्र रयाल ने ‘पाक बना नापाक बांकुरों अब चुप रहना स्वीकार नहीं’ जबकि प्रबोध उनियाल ने ‘सुन ले गंगा मैया पार लगा दे नैया’ और रामकृष्ण पोखरियाल ने ‘मेरा शहर शुभकामनाओं के बैनर से पट गया’ रचना पेश की।
प्रतिभागियों को किया सम्मानित
मुनिकीरेती । सामाजिक संस्था क्रेजी फेडरेशन के तत्वावधान में मुनिकीरेती में आयोजित तीन दिवसीय पर्यटन एवं विकास मेले के तहत हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान एकल नृत्य के सीनियर वर्ग में मदर मेरिकल स्कूल की जाह्नवी वैद्य ने प्रथम, दूनघाटी शिक्षण संस्थान की शिवानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। युगल नृत्य में मदर मेरिकल स्कूल प्रथम और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज द्वितीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज की सृष्टि प्रथम और डीबीएस इंटर कॉलेज की कोमल शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। युगल नृत्य में स्वामी दयानंद कॉलेज प्रथम और मदर मेरिकल स्कूल द्वितीय स्थान पर रही। प्राइमरी वर्ग के एकल नृत्य में स्वामी प्रेमानंद स्कूल की लक्ष्मी ने प्रथम और स्वामी दयानंद कॉलेज की अनन्या ने दूसरा स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।