25 पहलवानों ने कुश्ती में दिखाया दम
-- ‘हृषीकेश वसंतोत्सव’ में 21 पहलवानों के बीच फाइनल आज
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
‘हृषीकेश वसंतोत्सव’ के तहत नगर निगम प्रांगण में आयोजित दंगल में ढोल नगाड़ों के बीच 25 कुश्तियां हुई, जिनमें पहलवानों ने पूरा दमखम दिखाया। इस दौरान विभिन्न प्रांतों से आए 21 पहलवानों ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले राउंड में प्रवेश किया, दंगल का फाइनल मुकाबला बुधवार को होगा। मंगलवार को हृषीकेश वसंतोत्सव के दूसरे दिन दंगल विधिवत शुरू हो गया। इस दौरान विभिन्न प्रांतों के पहलवानों के बीच 25 मुकाबले खेले गए। इनमें से 21 पहलवानों ने अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में हरिद्वार के पहलवान काका, ढाली, गढ़ मीरपुर के मुंसफ, गाजियाबाद के तालीम, शांतिकुंज के संजय, रुड़की के राजू, अनुज, दिल्ली के राहुल, हिसार के अशोक, कुरुक्षेत्र के संदीप, रामपुर के बिल्लू, हरियाणा के सुमित, ऋषिकेश के आजाद साहनी ने पूरे दमखम के साथ अपने मुकाबले जीते। इस दौरान हरिद्वार के शास्त्री और दिल्ली के बक्की के बीच कड़ा मुकाबला खेला गया, जिसमें पहलवान शास्त्री ने कुश्ती के दांव पेंच दिखाकर मुकाबले को अपने नाम किया। मौके पर समिति के अध्यक्ष दीप शर्मा, विजय सारस्वत, जयप्रकाश ठेकेदार, कुश्ती रेफरी रामप्रसाद पहलवान, विनय उनियाल, धीरेंद्र जोशी, जयेंद्र रमोला, रवि शास्त्री, पुष्कर सारस्वत, अभिषेक शर्मा, वत्सल शर्मा, वरुण शर्मा आदि मौजूद थे।
शास्त्री पहलवान आज चढ़वाएंगे सीने पर ट्रैक्टर
ऋषिकेेेश। आयोजन समिति ने बताया कि हृषीकेश वसंतोत्सव के समापन अवसर पर बुधवार को दंगल के फाइनल मुकाबले के दौरान हरिद्वार के शास्त्री पहलवान अपने सीने में ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही वह अपनी छाती पर भारी भरकम वजनी पत्थर रखवाकर उसे हथौड़े से तुड़वाएंगे।