चैता की चैत्वाली गीत पर खूब झूमे दर्शक
-- मुनिकीरेती में तीन दिवसीय क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेले का आगाज
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती/ऋषिकेश । मुनिकीरेती क्षेत्र में सामाजिक संस्था क्रेजी फेडरेशन के तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मंगलवार को तीन दिवसीय पर्यटन एवं विकास मेला शुरू हुआ। इस मौके पर नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। क्रेजी विकास मेले में लोगों ने चर्खी, झूलों के साथ ही स्टालों पर विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया। मंगलवार को दोपहर में मुनिकीरेती स्थित कुंभ मेला मैदान में आयोजित क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेले का नगर पालिका के चेयरमैन व मेला अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल ने शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेले हमारी संस्कृति की पहचान हैं, उन्होंने इस तरह के आयोजनों को संस्कृति का संवाहक बताया।
इस दौरान मदर मेरिकल स्कूल ने गढ़वाली गीत ‘मेरी गाजीणा’ पर नृत्य प्रस्तुत किया जबकि स्वामी प्रेमानंद पब्लिक स्कूल ने ‘चैता की चैत्याली गीत’ पर नृत्य पेश कर दर्शकों की तालियां बटोरी। वहीं स्नेहा रमोला ने ‘प्रेम रतन धन पायो भजन’, निहारिका ने हिंदी गीत ‘चुम्मा चुम्मा’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। आसपास के क्षेत्रों से मेले में हजारों की संख्या में लोग मेला देखने पहुंचे। उन्होंने मेले में लोगों ने झूला और चर्खियों, मौत के कुएं के प्रदर्शन को देखा। साथ ही मेले में लगे स्टालों पर विभिन्न प्रकार की वस्तुओं और नन्हें मुन्हें बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी की। मेले में नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के सांस्कृतिक दलों ने शानदार प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर फेडरेशन के अध्यक्ष मनीष डिमरी, परीक्षित उनियाल, मुकुल ध्यानी, राजेश्वर उनियाल, प्रदीप राणा, धर्मेंद्र नेगी, वासुदेव डोभाल, डीपी बिजल्वाण, जितेंद्र रावत, विनोद चौहान, वीरेंद्र, आयुष नेगी, महावीर खरोला, कुलवीर बुटोला, शैलेंद्र बिजल्वाण, देवप्रिय दास, कैलाश जोशी आदि मौजूद थे।
क्रेजी विकास मेले में आज
मुनिकीरेती। क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेले में दूसरे दिन बुधवार को दोपहर के समय वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, साथ ही मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जबकि शाम को उत्सव कला ग्रुप श्रीनगर गढ़वाल की ओर से द्रुपदा की लाज का नाट्य मंचन किया जाएगा।