देवाल। ब्लॉक मुख्यालय के बाल विकास कार्यालय में एक साल से बाल विकास अधिकारी और सुपरवाइजर की तैनाती नहीं होने से जनप्रतिनिधियों में रोष है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने सीएम और डीएम को ज्ञापन भेजकर जल्द सुपरवाइजर और बाल विकास अधिकारी की तैनाती की मांग की।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने ज्ञापन में बताया कि ब्लॉक में 62 आंगनबाड़ी और 15 मिनी केंद्र चल रहे हैं। एक वर्ष पहले ब्लॉक मुख्यालय के बाल विकास कार्यालय की सुपरवाइजर सेवानिवृत्त हो गई थीं, लेकिन विभाग की ओर से यहां पर अभी तक बाल विकास अधिकारी और सुपरवाइजर की तैनाती नहीं की गई ऐसे में बाल विकास विभाग से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कहा कि 29 दिसंबर को बीडीसी बैठक में डीडीओ आनंद सिंह रावत ने सदन को 10 दिन में देवाल में बाल विकास अधिकारी की तैनाती करने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह बाद भी इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो पाई है। वहीं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि देवाल में बाल विकास अधिकारी और सुपरवाइजर के रिक्त पदों के संबंध में निदेशक को अवगत करा दिया गया है। जल्द कर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी।