श्रिीनगर। अब गढ़वाल विवि में आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं की जिम्मेदारी एक ही व्यक्ति पर होगी। गढ़वाल विवि प्रशासन सभी परीक्षाओं के लिए एक ही परीक्षा नियंत्रक नियुक्त करने पर विचार कर रहा है। अभी तक विवि में विभिन्न परीक्षाओं के लिए अलग-अलग संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
गढ़वाल विवि में प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा, पीजी प्रवेश परीक्षा, बीएड प्रवेश परीक्षा के साथ ही सामान्य पाठ्यक्रम व व्यवसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षाओं के लिए अलग-अलग संयोजक व परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किए गए हैं। बावजूद इसके विवि में परीक्षाएं व परिणाम समय पर घोषित नहीं हो पा रहे हैं। विवि में परीक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए विवि प्रशासन अब सभी परीक्षाओं की जिम्मेदारी एक ही व्यक्ति को सौंपने की तैयारी कर रहा है। विवि प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में 20 जनवरी को आयोजित कार्यपरिषद की बैठक में भी चर्चा की है। कुलपति प्रो. एबी भट्ट ने कहा कि जल्द ही परीक्षा नियंत्रक पद के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। वहीं विवि की एक महत्वपूर्ण परीक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे एक वरिष्ठ शिक्षक के साथ ही सामान्य पाठ्यक्रम के परीक्षा नियंत्रक दायित्व निभाने में पूर्व में ही असमर्थता जता चुके हैं।