डीएम को आई नीलकंठ में व्यवस्थाएं सुधारने की याद
-- जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती । जिलाधिकारी सुशील कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें नीलकंठ क्षेत्र की विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। डीएम ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शनिवार को लक्ष्मणझूला स्थित डीएम कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी सुशील कुमार ने विभिन्न महकमों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने महकमों को कांवड़ मेले से पूर्व क्षेत्र में पेयजल, पथप्रकाश, सड़क, पार्किंग और सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों को मार्च माह तक पूरा करने को कहा। बैठक में पेयजल, ऊर्जा निगम, पीडब्ल्यूडी आदि विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि नीलकंठ क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग स्थल तक सड़क निर्माण, पेयजल की व्यवस्था, मेलाक्षेत्र में शौचालय और कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि का चयन के बाबत संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। साथ ही नीलकंठ पैदल मार्ग पर शौचालयों की व्यवस्था व पेयजल संसाधन जुटाने को कहा गया है। बताया कि उक्त व्यवस्थाओं के बाबत शासन को एक करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। डीएम ने बताया कि स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भी कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। भूमि उपलव्ध होने पर ट्रंचिंग ग्राउंड से कचरा निस्तारण व्यवस्था की जाएगी।