हे शारदे मां अज्ञानता से हमें तार दे मां...
-- वसंतोत्सव पर छात्रों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती । स्वामी पूर्णानंद टैक्नीकल एंड एजूकेशन कॉलेज के तत्वावधान में वसंतोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र- छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। शनिवार को मुनिकीरेती स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित वसंत उत्सव कार्यक्रम का एसपीएन इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद कुकरेती व कॉलेज की प्राचार्य डा. ममता सुंदरियाल ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना हे शारदे मां अज्ञानता से हमें तार दे मां...की सुंदर प्रस्तुति दी।
इस दौरान अन्य छात्र- छात्राओं ने वसंत के आगमन पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद कुकरेती ने विभिन्न ऋतुओं के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि वसंत पंचमी पर्व शीत ऋतु का समापन व वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। इस अवसर पर निधि डंगवाल, गोकुल सिंह, भुवनेश सिंह, विपिन कुमार, लक्ष्मी वर्मा, स्वाति, मेघा, संजीता भरद्वाज, संजय नेगी, राम प्रसाद, मुकेश गुप्ता आदि मौजूद थे।