ब्यूरो/ अमर उजाला, मसूरी।
कैमल्स बैक रोड से गनहिल जाने वाला मार्ग बदहाल है। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल को ज्ञापन देकर मार्ग को बनवाने की मांग की है।
शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि कैमल्स बैक रोड से एवलॉन गनहिल जाने वाला मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कई स्थानों पर पुस्ते भी टूट गये हैं, जिसका मलबा सड़क पर पड़ा रहता है। दुपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो गए हैं। उन्होंने जल्द मार्ग को बनवाने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल का कहना है कि मामले का संज्ञान लिया गया है और पालिका के अधिकारियों को मौके पर भेज कर रोड की दशा को देखने को कहा गया है। शीघ्र ही मार्ग की मरम्मत कराई जाएगी। ज्ञापन देने वालों में बलवीर, सुधीर, मुकेश भटट, सिमरन, बबीता, अनीता, भगवानी देवी, रेशमा देवी, सुरेन्द्र सिंह रावत,धन सिंह नेगी, दिनेश आदि थे।